Spain Wildfire : साउथ स्पेन के अंडालूसिया के जंगलों में भड़की भीषण आग की चपेट में आने से कम से कम 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। देश में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच लगी यह आग स्पेन के इतिहास की सबसे घातक आपदाओं में से एक बन चुकी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जान गंवाने वाले कई लोग अपनी जल चुकी गाड़ियों के अंदर ही फंसे रह गए थे। शुक्रवार को इस भयावह आग पर काबू पाने के लिए 150 फायरफाइटर और स्पेन की मिलिट्री इमरजेंसी यूनिट के 220 जवान अपनी जान जोखिम में डालकर मोर्चे पर डटे रहे। प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है।
कैसे लगी आग

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह भीषण आग सिएरा डी लॉस फिलाब्रस पहाड़ों के पास बसे एक छोटे से गांव में शुरू हुई थी। हालांकि, आग लगने की असली वजह की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली का एक हाई-टेंशन तार टूटने से जोरदार चिंगारी उठी थी।
इसके बाद आग देखते ही देखते पास के सूखे जंगल में फैल गई। आपातकालीन सेवा के अनुसार, इस तबाही के चलते कई मुख्य सड़कें बंद करनी पड़ी हैं और अब तक करीब 1,000 लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया जा चुका है।
3,150 हेक्टेयर जंगल खाक

लोकल सरकार ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि इस बेकाबू वाइल्डफायर ने अब तक लगभग 3,150 हेक्टेयर वन भूमि को पूरी तरह से जलाकर खाक कर दिया है।

हालात की गंभीरता को देखते हुए अंडालूसिया के आपातकालीन मंत्री एंटोनियो संज कैबेलो ने ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट कर लोगों से सरकारी निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। उन्होंने साफ कहा कि आपातकाल के समय प्रशासन के निर्देश महज सलाह नहीं होते, बल्कि वे लोगों की जान बचाने के लिए जारी किए जाते हैं। अगर इलाके को खाली करने (Evacuation) या घरों में रहने का आदेश दिया जाए, तो बिना वक्त गंवाए तुरंत उसका पालन करें।


Download Android App
Download iOS App




