वाशिंगटन : द्वितीय विश्वयुद्ध के समय लापता हुए युद्धपोत यूएसएस इंडियानापोलिस का मलबा 72 साल बाद मिल गया है। विश्वयुद्ध के दौरान जापानी पनडुब्बी के हमले से युद्धपोत नष्ट हो गया था। खोजकर्ताओं ने आज घोषणा की कि फिलीपीन सागर में सतह से 5.5 किलोमीटर नीचे इस जहाज का मलबा मिला। पॉल एलेन ने इस युद्धपोत का पता लगाने वाले खोज दल का नेतृत्व किया।
इस जहाज को द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान हिरोशिमा में इस्तेमाल होने वाले परमाणु बम के हिस्से पहुंचाने के लिए गोपनीय अभियान पूरा होने के तुरंत बाद निशाना बनाया गया। अमेरिकी नौसेना के इतिहास प्रभाग के मुताबिक, हमले के केवल 12 मिनट बाद ही यह जहाज डूब गया जिससे वह संकट संबंधी संकेत नहीं भेज पाया और न ही जीवन रक्षक उपकरण का उपयोग कर पाया।
अमेरिकी नौसेना ने बताया कि जहाज पर तैनात 1,196 नाविकों और सैनिकों में से शुरूआत में कुछ 800 ही बच पाए लेकिन शार्क से भरे समुद्र में कई दिनों तक जिंदगी के लिए जूझने के बाद केवल 316 लोग ही बचे। इनमें से 22 अभी जीवित है।


Download Android App
Download iOS App



