साक्षी मर्डर केस को लेकर लगातार दिल्ली पुलिस सूबुत जुटाने की कोशिश कर रही है। साहिल इन दिनों दिल्ली पुलिस की कस्टडी में है उसने पूछताछ में कई खुलासे किए है इस बीच दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। जिस चाकू से साक्षी की हत्या की गई वो चाकू पुलिस ने बरामद कर लिया है। वहीं पुलिस ने साहिल को मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया था। जहां उसे 3 दिन की रिमांड पर भेज दिया गया था। सुरक्षा कारणों के चलते मजिस्ट्रेट के घर पर उसकी पेशी की गई थी।
साहिल को घटनास्थल पर लेकर गई थी पुलिस
वहीं बुधवार को पुलिस उसे घटनास्थल पर लेकर गई थी, जहां क्राइम सीन को रिक्रिएट किया गया था। पुलिस ने मौके पर साहिल से कुछ सवाल भी किए थे और केस की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश की थी। इस दौरान पुलिस को जो बात पता चली वो हैरान करने वाली थी। पुलिस मर्डर को लेकर दावा कर रही है कि साहिल तीन-चार दिन से हत्या की योजना बना रहा था। उसके निशाने पर लड़की ही नहीं बल्कि, प्रवीण और दो-तीन युवक भी थे। यानि वो पांच लोगों का मर्डर करने का मन बना चुका था।
उसने पांच लोगों के मर्डर की लिस्ट बना रखी थी। कहा जा रहा है कि 28 मई को इनमें से जो भी उसे मिलता वह उसकी हत्या कर देता।
हत्या मे इस्तेमाल चाकू बरामद
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस की टीम सुरक्षा कारणों की वजह से बुधवार सुबह 4 बजे आरोपी को स्पॉट पर ले गई थी। साहिल से उस स्पॉट के बारे में पूछा गया। जहां उसने लड़की का इंतजार किया और फिर बेरहमी से हत्या की। केस से जुड़ा एक औऱ CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें नाबालिग वारदात से पहले जाते हुए नजर आई है।पुलिस ने बताया कि अगर जरूरत पड़ी तो साहिल की मेंटल हेल्थ को जांचने के लिए टेस्ट भी कराया जा सकता है।
पिता ने किये कई खुलासे
वहीं साक्षी के पिता ने कहा- बेटी को समझाया था कि अभी पढ़ाई-लिखाई की उम्र है
पुलिस को दी शिकायत में लड़की के पिता ने बताया कि मेरी लड़की की पिछले करीब 1 साल से साहिल नाम के लड़के से दोस्ती थी। साहिल दिल्ली की बरवाला जैन कॉलोनी का रहने वाला है।
10 दिन से घर पर नहीं थी साक्षी
पिता ने बताया कि – लड़की अक्सर हमारे सामने साहिल का जिक्र करती थी। लेकिन हम उसे समझाते थे कि बेटा अभी तू छोटी है। तेरी पढ़ने-लिखने की उम्र है। जब भी हम उसे समझाते थे तो वह हमसे नाराज होकर अपनी दोस्त नीतू के पास चली जाती थी। उन्होंने कहा कि बेटी पिछले 10 दिन से नीतू के पास थी। 28-29 मई की रात को जब मैं अपने घर पर मौजूद था, तब उसकी दोस्त नीतू ने आकर हमें बताया कि साहिल नाम के लड़के ने साक्षी को चाकू और पत्थरों से मार दिया है। साहिल ने घटना से एक दिन पहले भी साक्षी के साथ झगड़ा किया था।