राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के नेता चौधरी अजित सिंह का बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से निधन हो गया। वह 80 साल के थे। अजित सिंह के बेटे और पूर्व सांसद जयंत चौधरी ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। जयंत चौधरी ने बताया कि अजित सिंह 20 अप्रैल को कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे और छह मई की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
उल्लेखनीय है कि अजित सिंह 1986 में पहली बार राज्य सभा के लिए चुने गए। उन्होंने राष्ट्रीय लोक दल का गठन किया था। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चौधरी अजीत सिंह के निधन पर बृहस्पतिवार को शोक जताया और कहा कि वह हमेशा किसानों के कल्याण के लिए समर्पित रहे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वे हमेशा किसानों के हित में समर्पित रहे। उन्होंने केंद्र में कई विभागों की जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति!
— Narendra Modi (@narendramodi) May 6, 2021
मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वे हमेशा किसानों के हित में समर्पित रहे। उन्होंने केंद्र में कई विभागों की जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं।’’
बता दें कि उनके पुत्र व मथुरा के पूर्व सांसद जयंत चौधरी ने आज उनके निधन की जानकारी दी। गुरुग्राम के निजी अस्पताल में सिंह का इलाज चल रहा था। उन्होंने अपने पिता की एक तस्वीर के साथ ट्वीट किया, ‘‘चौधरी साहब नहीं रहे।’’
उन्होंने आगे लिखा कि जीवन के पथ पर चलते हुए चौधरी साहब को बहुत लोगों का साथ मिला। यह रिश्ते चौधरी साहब के लिये हमेशा प्रिय थे। चौधरी साहब ने आप सबको अपना परिवार माना। आज इस दु:ख व महामारी के काल हमारी आप से प्रार्थना है की आपना पूरा ध्यान रखें। सम्भव हो तो घर पर ही रहें और सावधानी जरूर बरतें। इससे देश की सेवा कर रहे डॉक्टर और स्वस्थ्य कर्मचारियों को मदद मिलेगी। ये ही चौधरी साहब को आपकी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। हम इस महामारी से जूझ रहे सभी परिवारों के प्रति अपनी भावपूर्ण सवेंदना व्यक्त करते हैं।
ज्ञात हो कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेता चौधरी अजीत सिंह बीते कई दिनों से कोरोना वायरस से संक्रमित थे। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह के बागपत से पूर्व सांसद थे। पंचायत चुनाव में इस बार उनकी पार्टी ने समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शानदार प्रदर्शन किया था।अजीत सिंह ने भारती प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। उनके पिता चौधरी चरण सिंह भारत के प्रधानमंत्री भी रहे।