अश्मिता चालिहा ने अपने से ऊंची रैंकिंग की खिलाड़ी मिशेल लि को हराकर उलटफेर किया जिससे भारतीय महिला टीम ने शनिवार को यहां Uber Cup टूर्नामेंट में कनाडा पर 4-1 से जीत से सकारात्मक शुरुआत की।
HIGHLIGHTS
- अश्मिता चालिहा ने मिशेल लि को हराकर उलटफेर किया
- Uber Cup टूर्नामेंट में भारत ने कनाडा को 4-1 से हराया
- रविवार को सिंगापुर और मंगलवार को चीन से मुकाबला
रैंकिंग में 53वें स्थान पर काबिज चालिहा ने मानसिक मजबूती और जज्बे का शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनिया की 25वें नंबर की खिलाड़ी लि को शुरुआती एकल मुकाबले में 42 मिनट में 26-24 24-22 से मात दी। लि 2014 और 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में क्रमश: स्वर्ण और रजत पदक विजेता हैं।
फरवरी में पहली बार एशिया टीम चैम्पियनशिप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रही चालिहा ने पीवी सिंधू सहित शीर्ष खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में जिम्मेदारी अच्छी तरह निभायी।
पिछले दिसंबर में सीनियर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप का खिताब जीतने वाली प्रिया कोन्जेंगबाम और श्रुति मिश्रा की युवा महिला युगल जोड़ी ने कैथरीन चोई और जेसलिन चाउ को 21-12, 21-10 से हराकर भारत को 2-0 से आगे कर दिया।
इशारानी बरुआ ने वेन यू झांग को 21-13, 21-12 से हराकर भारत को 3-0 की अजेय बढ़त दिलाने में मदद की।
दूसरे महिला युगल में सिमरन सिंघी और रितिका ठाकर को कनाडा की जैकी डेंट और क्रिस्टल से 19-21, 15-21 से हार का सामना करना पड़ा।
इससे बाद राष्ट्रीय चैम्पियन अनमोल खरब ने पांचवें और अंतिम मैच में एलियाना झांग को 21-15, 21-11 से हराकर आसान जीत हासिल की।
युवा भारतीय टीम को आगे बड़े मुकाबले खेलने हैं जिसमें उसे ग्रुप ए में रविवार को सिंगापुर और मंगलवार को चीन से भिड़ना है।
थॉमस कप में भारत अपने खिताब का बचाव करने की शुरुआत थाईलैंड के खिलाफ करेगा।


Download Android App
Download iOS App




