चंडीगढ़ : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज मानसिक रूप से अस्वस्थ नजर आ रहे हैं और शायद इसीलिए अखबारों में सुर्खियां बने रहने के लिए अनाप-शनाप बयानबाजी करते रहते हैं। डॉ. अशोक तंवर ने विज के उस बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त की जिसमें विज ने श्री राहुल गांधी के वायनाड सीट से नामांकन पत्र भरने के दौरान कहा था कि राहुल गांधी ने मुस्लिम लीग के डर से वहां जनेऊ उतार दिया था।
उन्होंने कहा कि न केवल बेचारे विज को बल्कि पूरी भाजपा को सपने में भी राहुल गांधी का डर सता रहा है और इसीलिए भाजपा के नेता उल-जुलुल बयानबाजी कर रहे हैं। डॉ. अशोक तंवर ने विज के उस बयान पर कि ‘कांग्रेस के घोषणा पत्र में कांग्रेस ने कश्मीर को भारत से अलग करने की योजना बनाई है’ पर पलटवार करते हुए कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग था और हमेशा रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही देश को जोडऩे का काम किया है, जबकि भाजपा ने हमेशा विघटनकारी ताकतों को बल देने का काम किया है।
(आहूजा)