देश की राजधानी दिल्ली में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हिंसा ने सबको झकझोर कर रख दिया था। अब इस मामले में दिल्ली पुलिस ने अभिनेता-कार्यकर्ता दीप सिद्धू तथा अन्य के खिलाफ गुरुवार को पूरक आरोप-पत्र दायर किया। मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट गजेंद्र सिंह नागर नए आरोप-पत्र पर संज्ञान लेने के बिंदु के बारे में 19 जून को दोपहर 2 बजे आदेश पारित करेंगे। अदालत ने कहा,‘‘मामले के जांच अधिकारी ने उन प्रत्यक्षदर्शियों के नाम का जिक्र किया है जो हिंसा में गंभीर रूप से घायल हुए या जिनसे हथियार छीने गए।’’
बता दें कि इस वर्ष 26 जनवरी को केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शनकारी किसानों की ट्रैक्टर परेड में किसानों और पुलिस के बीच झड़प हो गई थी। किसान लाल किले में घुस गए थे और उन्होंने अनेक पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया था। मामले की जांच अपराध शाखा कर रही है। उसने 17 मई को 3,224 पन्नों का आरोप-पत्र दायर किया था और सिद्धू समेत 16 आरोपियों के खिलाफ मामला चलाने का अनुरोध किया था। हिंसा के मुख्य साजिशकर्ता सिद्धू को नौ फरवरी को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने उस पर लाल किले में हंगामे को भड़काने का भी आरोप लगाया है।
गौरतलब है कि 26 जनवरी को हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी किसान अवरोधकों को तोड़ कर राष्ट्रीय राजधानी में दाखिल हो गए थे और आईटीओ सहित अन्य स्थानों पर उनकी पुलिस कर्मियों से झड़पें हुई थीं। कई प्रदर्शनकारी ट्रैक्टर चलाते हुए लाल किला पहुंच गए और ऐतिहासिक स्मारक में प्रवेश कर गए तथा उसकी प्राचीर पर एक धार्मिक झंडा लगा दिया। इस हिंसा में 500 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए थे, जबकि एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई थी।