‘अपराधी खुलेआम पुलिस-कानून…’, पटना शूटआउट कांड को लेकर CM नीतीश पर बरसे चिराग पासवान

Summary :

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने गुरुवार को नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद उन्होंने बिहार की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार की आलोचना की. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चिराग पासवान ने पटना के पारस अस्पताल में हुई गोलीबारी की घटना को लेकर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि अपराधी अब खुलेआम पुलिस और कानून को चुनौती दे रहे हैं. उनका कहना था कि एक रिहायशी इलाके में अस्पताल के अंदर घुसकर फायरिंग होना यह दर्शाता है…

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने गुरुवार को नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद उन्होंने बिहार की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार की आलोचना की.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चिराग पासवान ने पटना के पारस अस्पताल में हुई गोलीबारी की घटना को लेकर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि अपराधी अब खुलेआम पुलिस और कानून को चुनौती दे रहे हैं. उनका कहना था कि एक रिहायशी इलाके में अस्पताल के अंदर घुसकर फायरिंग होना यह दर्शाता है कि प्रशासन अपराधियों पर काबू पाने में नाकाम साबित हो रहा है.

सोशल मीडिया पर जताई चिंता

चिराग ने गुरुवार शाम को एक ट्वीट कर लिखा कि बिहार की कानून व्यवस्था अब चिंता का विषय बन चुकी है. राज्य में हर दिन हत्या और अपराध के मामले सामने आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि अपराधियों का मनोबल बहुत बढ़ गया है और पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठते हैं.

बैठक में चुनावी तैयारियों पर की चर्चा

जेपी नड्डा से चिराग पासवान की यह मुलाकात करीब आधे घंटे तक चली. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बैठक में चिराग ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए में सीट बंटवारे पर जल्द निर्णय लेने की मांग की. साथ ही, राज्य में बढ़ते अपराध के मामलों को लेकर भी चिंता जाहिर की.

बिहार की राजनीति में चिराग की सक्रियता

चिराग पासवान अब बिहार की राजनीति पर फोकस कर रहे हैं और विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे हैं. हाल के दिनों में वह आरा, राजगीर और छपरा में रैलियां कर चुके हैं. 19 जुलाई को मुंगेर में उनकी एक बड़ी जनसभा प्रस्तावित है.

नीतीश सरकार पर लगातार हमलावर

पिछले कुछ समय से चिराग पासवान लगातार नीतीश कुमार की सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं. उन्होंने कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या और मुजफ्फरपुर की रेप पीड़िता की मौत के मामलों को लेकर प्रशासन और सिस्टम पर निशाना साधा है. इसके चलते जेडीयू में भी बेचैनी का माहौल देखा जा रहा है.

यह भी पढ़ें-महिला आरक्षण से फ्री बिजली तक…Bihar के CM Nitish ने 17 दिन में लिए 10 बड़े फैसले

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।