कोविड-19 से संक्रमित 21 वर्षीय एक युवक ने यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में आत्महत्या कर ली। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। लगभग एक महीने के भीतर इस अस्पताल में कोरोना वायरस से संक्रमित किसी व्यक्ति के आत्महत्या का यह दूसरा मामला है।
कोविड-19 नोडल अधिकारी डा.संजीव कुमार ने बताया कि पटना जिले के रहने वाले राहुल कुमार ने शुक्रवार की शाम को अस्पताल की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। उन्होंने बताया कि राहुल को 20 जुलाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
डा. कुमार ने बताया कि कोरोना वायरस से संक्रमित पाये जाने के बाद युवक के तनाव में आने की आशंका है जिस कारण यह घटना हुई। कोविड-19 मरीज के आत्महत्या का एम्स, पटना में यह दूसरा मामला है जबकि राज्य में तीसरा मामला है।
गौरतलब है कि 22 जून को 32 वर्षीय एक मरीज ने अस्पताल के खाली कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। वैशाली जिले के हाजीपुर में एक पृथक केन्द्र में गत 20 मई को दिल्ली से लौटे 30 वर्षीय एक प्रवासी श्रमिक ने आत्महत्या कर ली थी।


Download Android App
Download iOS App



