बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव बुधवार को राज्य में हो रहे 2 विधानसभा क्षेत्रों में हो रहे चुनाव प्रचार को लेकर मैदान में उतरने वाले हैं। लालू प्रसाद भले ही 6 साल बाद किसी चुनाव में प्रचार करने के लिए मंच संभालने वाले हैं, लेकिन उससे पहले ही उनके विरोधियों ने उन पर सियासी हमले तेज कर दिए हैं। बिहार में सत्ताधारी गठबंधन के नेताओं ने लालू के चुनाव प्रचार में जाने से पहले ही उनपर निशाना साधा है। लालू बिहार में कुशेश्वरस्थान और तारापुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव होने वाले हैं। इन दोनों सीटों पर 30 अक्टूबर को मतदान होना है।
लालू प्रसाद हालांकि अस्वस्थ हैं, लेकिन चिकित्सकों से सलाह के बाद वे दिल्ली से पटना पहुंचे हैं और अब चुनाव प्रचार में जाने वाले हैं। लालू के चुनाव प्रचार में जाने के पहले हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि आज भ्रष्टाचार, जंगलराज, दलित नरसंहार सहित कई मामलों पर लालू प्रसाद भाषण देंगें। उन्होंने कहा कि वे आज यह बताएंगें कि, घोटाला कैसे किया जाता है। दलित नरसंहार की जरूरत क्यों पडी। 15 साल का जंगलराज बिहार के लिए क्यों जरूरी था। दलितों के लिए अपशब्दों का प्रयोग क्यों करते हैं?
इधर, जदयू के नेता और पूर्व मंत्री नीरज कुमार ने भी लालू प्रसाद पर सियासी हमला बोला है। उन्होंने लालू प्रसाद के मजाकिया लहजे पर भाषण देने को लेकर तंज कसते हुए कहा, आज दोनों सीटों पर चुनाव की थकान मिटेगी, रंगारंग हास्य ठहाकेदार कार्यक्रम होने जा रहा है। जमुरा और चेला के साथ 15 साल जंगलराज के सुल्तान आ रहे हैं। उन्होंने हालांकि लोगों को यह चेतावनी भी दी कि अपने पशु चारे की रक्षा स्वयं करें। पूर्व मंत्री ने कहा कि जहां पहले चरवाहा विद्यालय था वहांं अब पोलेटेक्निक संस्थान है। उन्होंने कहा कि बिहार के भविष्य को आपने चरवाहा विद्यालय पहुंचाया, दिल्ली भेज अपने बेटों को अंग्रेजी खूब सिखाया, अब ऐसे लोग तारापुर में क्या मुंह दिखाएंगें।


Download Android App
Download iOS App



