Bihar: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों रेलवे ट्रैक के पास रील बना रहे थे, तभी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी। यह घटना बेतिया-नरकटियागंज रेलवे लाइन पर गुलाब नगर रेलवे क्रॉसिंग और साथी रेलवे स्टेशन के बीच, रेलवे पिलर नंबर 234/31 के पास हुई।

घटना की पुष्टि करते हुए साथी रेलवे स्टेशन के अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि अमृत भारत एक्सप्रेस मुजफ्फरपुर से नरकटियागंज जा रही थी। उसी समय, एक मिलिट्री ट्रेन समानांतर ट्रैक पर नरकटियागंज से मुजफ्फरपुर की ओर आ रही थी।
घटना से इलाके में हड़कंप
संतोष कुमार ने बताया, “दो युवक रेलवे ट्रैक के पास खड़े होकर मोबाइल से रील बना रहे थे। दोनों दिशाओं से एक साथ ट्रेनें आती देख वे घबरा गए और अमृत भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गए।” अधिकारियों के मुताबिक, दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। मृतकों की पहचान सलमान आलम (16), निवासी धर्मपुर साथी गांव और आलमगीर आलम (16), निवासी भेड़िहारी गांव (पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है।

Bihar: रेलवे ट्रैक पर न जाने की अपील
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में बेतिया स्थित गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) को मेमो भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। संतोष कुमार ने कहा, “घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी को आवश्यक जानकारी दी गई। मामले की गहन जांच की जा रही है। शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।” उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि खासकर सुबह और शाम के समय रेलवे ट्रैक के पास न जाएं, क्योंकि सर्दियों में कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रहती है।

ALSO READ: चुनाव आयोग ने लापरवाही पर बीएलओ के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया


Download Android App
Download iOS App




