बिहार के सारण जिले के नगर थाना क्षेत्र में अपनी मां और नानी के साथ एक निजी अस्पताल आई छह वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की गई। लोगों ने आरोपी को रंगेहाथों पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि नगर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक महिला अपनी छह वर्षीय बेटी के साथ छपरा स्थित महावीर अस्पताल में अपना इलाज कराने आई थी।
इसी बीच अस्पताल का एक कर्मचारी बच्ची को मिठाई खिलाने के बहाने वहां से पास के ही नगर परिषद के शौचालय में ले गया। आरोप है कि शौचालय के पास अस्पताल कर्मचारी बच्ची के साथ गंदी हरकत कर रहा था तथा दुष्कर्म करने की कोशिश कर रहा था।
इसी दौरान बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी और लोग पहुंच गए आरोपी को पकड़ लिए और उसकी जमकर पिटाई कर दी। नगर थाना प्रभारी विमल कुमार ने बताया कि, घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आरोपी को लोगों से छुड़ाकर अपने कब्जे में ले लिया है।
आरोपी से पूछताछ की जा रही है। छह वर्षीय पीड़िता के नानी के बयान के आधार पर नगर थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने कहा कि पीड़िता की चिकित्सकीय जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है, रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले का सही पता चल सकेगा।


Download Android App
Download iOS App



