अरुणाचल प्रदेश में जनता दल युनाइटेड के छह विधायकों के भाजपा में शामिल होने के ‘दर्द’ से जदयू के नेता उबरे भी नहीं थे, कि पूर्व मंत्री और भाजपा नेता संजय पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गृह मंत्रालय छोड़ने की सलाह दे दी।
अपने बयानों से चर्चा में रहने वाले पासवान ने शनिवार को यहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सलाह देते हुए कहा कि गृह विभाग को स्वतंत्र रूप से चलाने का जिम्मा किसी मंत्री को देना चाहिए। उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि यह जरूरी नहीं कि गृह विभाग को चलाने वाला मंत्री भाजपा का ही हो, जदयू के भी किसी नेता को नीतीश कुमार इसका जिम्मा दे सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि विपक्ष बिहार की विधि व्यवस्था को लेकर लगातार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास गृह मंत्रालय रहने की वजह से उन्हें घेरता रहा है।
भाजपा के नेता के इस बयान के बाद जदयू के किसी नेता ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। गौरतलब है कि शुक्रवार को अरूणाचल प्रदेश में जदयू के सात विधायकों में से छह विधायक भाजपा में शामिल हो गए। इसके बाद विपक्ष लगातार जदयू और भाजपा के रिश्ते को लेकर निशाना साध रहा है।


Download Android App
Download iOS App



