बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर निर्माण को लेकर कहा कि हमारी सरकार ने जो कहा, वैसा ही किया है। योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि बिहार का उत्तर प्रदेश से गहरा नाता है। महागठबंधन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे लोग जाति, परिवार और एक महजब के विकास की बात करते हैं।
बीजेपी और सहयोगी दलों का संकल्प एक भारत, श्रेष्ठ भारत का है। राम मंदिर पर सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या से भगवान राम का संदेश लेकर नवरात्रि में आया हूं। विश्वामित्र की तपोभूमि से जुड़ी है रामगढ़ की भूमि। हमने जो कहा, वैसा किया। राम मंदिर बनाने का कार्य शुरू हो चुका है। अब कोई नहीं कहेगा कि बीजेपी ने जो कहा, वैसा नहीं किया। इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि बिहार का यूपी से बहुत पुराना व गहरा रिश्ता है। हमने लॉकडाउन में प्रवासी मजदूरों की सेवा में अपने पूरे शासन को लगाया। उनकी सुविधाओं का ख्याल रखा है और बिहार की सीमा तक भिजवाया।
सीएम ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने गरीबों को मकान देना शुरू किया। उन्होंने गरीब की जाति, धर्म नहीं देखी। 2011 की जनगणना के अनुसार ही गरीबों को सिलेंडर, मकान आदि देने की योजना शुरू की। सबका साथ, सबका विकास के साथ काम किया है। कांग्रेस ने सबसे ज्यादा समय तक देश पर राज किया है, लेकिन उनके एजेंडे में गरीब और विकास नहीं था। वहीं, आरजेडी का पेट इतना बड़ा है कि वे गाय-भैंस का चारा भी खा गए। ऐसे में मैं सवाल पूछता हूं कि उन्हें वोट देना चाहिए या नहीं।


Download Android App
Download iOS App



