बिहार : भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर उत्साह, टीम इंडिया की जीत के लिए कई जगहों पर हवन पूजा

Summary :

बिहार में भारत-पाक मैच के लिए पूजा-पाठ, जीत की कामना

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के तहत दुबई में रविवार को भारत और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बीच मुकाबला है। इसे लेकर बिहार के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह चरम पर है। भारत की जीत की कामना को लेकर पटना सहित प्रदेश के विभिन्न इलाकों में पूजा-अर्चना, हवन कीर्तन किया जा रहा है। वहीं, इस मैच को देखने के लिए भी कई स्थानों पर विशेष व्यवस्था की गई है। मैच को लेकर कहीं बड़ी स्क्रीन पर लाइव टेलीकास्ट की व्यवस्था की जा रही है, तो कहीं भारत की जीत के लिए पूजा-पाठ और हवन हो रहे हैं। पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, दरभंगा समेत कई जिलों में क्रिकेट प्रेमी खास आयोजन कर रहे हैं।

पटना के कई कैफे और रेस्टोरेंट में बड़ी स्क्रीन पर लाइव टेलीकास्ट की व्यवस्था की गई है। कई जगहों पर स्टूडेंट्स और युवा समूह बनाकर स्टेडियम जैसा माहौल तैयार कर रहे हैं। पटना के वेद विद्यालय में इंडियन क्रिकेट फैंस और बाल पुरोहितों ने इंडिया की जीत के लिए हवन पूजा किया और भारत की जीत की कामना की।

क्रिकेट प्रेमी अर्जुन कुमार ने कहा कि पूजा से ही किसी चीज की शुरुआत होती है। आज भारत की जीत निश्चित है। बड़े मैच में न कभी पाकिस्तान जीता है न जीतेगा।

एक अन्य क्रिकेट प्रेमी ने कहा कि भारत की जीत के लिए 31 बाल ब्राह्मणों द्वारा हवन पूजा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की जीत निश्चित है। पटना के वीर कुंवर सिंह पार्क क्रिकेट ग्राउंड में चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर क्रिकेट खिलाड़ियों ने जीत के लिए हवन किया। भारत माता की जय के नारों के साथ सभी ने जीत के लिए प्रार्थना की। इधर, हाजीपुर में खेल प्रेमी केदार प्रसाद यादव के नेतृत्व में खेल प्रेमियों ने भगवान भोलेनाथ के मंदिर में पूजा-अर्चना की। केदार यादव ने कहा कि यहां कीर्तन भी किया जा रहा है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.