Bihar: नीरज कुमार हत्या मामले में पांच गिरफ्तार, संपत्ति विवाद की वजह से हत्या

Summary :

Bihar: नीरज कुमार हत्या का सनसनीखेज खुलासा

बिहार के नालंदा जिले के राजगीर थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर नीरज कुमार उर्फ मुन्नू (34) की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। संपत्ति विवाद के चलते नीरज के तीन चचेरे भाइयों ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। महज 48 घंटों में पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार, कारतूस और अन्य साक्ष्य भी बरामद कर लिए। यह जानकारी नालंदा के एसपी भारत सोनी ने दी।

Bihar में BJP को बड़ा झटका, 4 दिग्गजों ने दिया इस्तीफा, इस नाराज नेता ने दिया बड़ा हिंट

18 मार्च को राजगीर के नई पोखर मोहल्ले के पास एक कुएं से नीरज कुमार का शव बरामद हुआ था। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तुरंत विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया, जिसमें जिला खुफिया इकाई (डीआईयू) और आसपास के थानों की टीमों को शामिल किया गया। जांच के दौरान पता चला कि नीरज एक संयुक्त परिवार में रहता था और उसकी शादी अप्रैल 2025 में होने वाली थी। हाल ही में उसने 70 लाख रुपए में अपनी पैतृक जमीन बेची थी, जिसके बाद चचेरे भाइयों के साथ उसका विवाद चल रहा था। इसी संपत्ति विवाद के चलते आरोपियों ने नीरज की हत्या की साजिश रची।

पुलिस के मुताबिक, 17 मार्च की रात नीरज को उसके चचेरे भाइयों ने फोन कर बुलाया। उन पर भरोसा होने के कारण वह उनके साथ चल पड़ा। इसके बाद, सड़क पर उनकी आपस में बहस हुई और सुनियोजित तरीके से उसे गोली मार दी गई। शव को छुपाने के लिए आरोपियों ने उसे कुएं में फेंक दिया। घटनास्थल से खून के निशान और कुएं के पास धक्का देने के सबूत मिले।

पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें नीरज के चचेरे भाई केशव कुमार, हर्षित कुमार, हरिओम कुमार और उनके दो दोस्त सौरव कुमार और एक अन्य केशव कुमार शामिल हैं। सभी आरोपी राजगीर के नई पोखर के निवासी हैं। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त पिस्तौल, 7.62 एमएम का खोखा, दो जिंदा कारतूस, पांच मोबाइल, चश्मा, एयरबड्स और हरिओम का टूटा पेंडेंट बरामद किया।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.