बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने शनिवार को यहां कहा कि राज्य में कोरोना टीकाकरण को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि पहले सभी स्वास्थकर्मियों को टीका लगाया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री पांडेय शनिवार को राजधानी पटना के स्वास्थ्य केंद्रों में ड्राई रन का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि राज्य में सबसे पहले कोरोना की वैक्सीन स्वास्थ्य कर्मियों को लगेगी।
सरकार ने इसके लिए तैयारी पूरी कर ली है। मंत्री ने बताया कि स्वास्थ्यकर्मियों की पूरी लिस्ट तैयार कर ली गई है, जिनको जिस दिन टीका लगाया जाना होगा, उन कर्मियों के मोबाइल फोन पर टीकाकरण की सूचना दे दी जाएगी। मंत्री ने बताया कि राज्य के पटना के अलावे जमुई और पश्चिम चंपारण जिले में टीकाकरण के पहले ड्राई रन यानी पूर्वाभ्यास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के निर्देश पर किसी भी दिन राज्य में टीकाकरण का कार्य प्रारंभ हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि देश के विभिन्न इलाकों में टीकाकरण के लिए प्रशासन की क्षमता और तत्परता का आकलन करने के लिए ड्राई रन अभियान चलाया गया।


Download Android App
Download iOS App



