बिहार विधानसभा की कार्रवाई के दौरान रोज़ाना कोई न कोई विवाद का मुद्दा सामने आ रहा है। सदन की मर्यादा को ताक पर रखते हुए विधानसभा के सदस्य लगातार अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। बुधवार को एक मुद्दे को लेकर पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी और विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा के बीच नोकझोंक हुई।
सदन में आज सवालों के ऑनलाइन जवाब को लेकर मंत्री का कहना था कि विभाग ने 16 सवालों में 14 का ऑनलाइन जवाब दिया है, जबकि अध्यक्ष ने कहा कि 14 नहीं 11 का ही ऑनलाइन जवाब आया है। सभाध्यक्ष का जवाब सुनकर मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि व्याकुल नहीं होना है, आप दिखवा लीजिए। इस पर सभाध्यक्ष ने व्याकुल शब्द को वापस लेने की बात कही तो मंत्री ने फिर उन्हें व्याकुल न होने की नसीहत दे डाली।
तेजस्वी का ऐलान- शराब बरामद वाले स्कूल में थाना नहीं खुला, तो सीएम आवास का होगा घेराव
इस पर सभाध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी। 12 बजे भी जब सदन की कार्यवाही शुरू करने विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा नहीं आए। सभापति नरेंद्र नारायण यादव ने कार्यवाही शुरू की और 2 बजे तक के लिए सदन को स्थगित कर दिया।
इधर, विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने इस घटना की निंदा की है। तेजस्वी ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर लिखा, “मर्माहत हूं। बिहार में सत्ता पक्ष और मंत्री सदन की गरिमा और आसन की महत्ता को तार-तार कर रहे हैं। सरकार के एक भाजपाई मंत्री अध्यक्ष महोदय की तरफ उंगली उठाकर कह रहे है कि व्याकुल मत होईए। ऐसे सदन नहीं चलेगा। कैसे-कैसे लोग मंत्री बन गए है जिन्हें लोकतांत्रिक मर्यादाओं का ज्ञान नहीं?”


Download Android App
Download iOS App



