बिहार के अगले CM होंगे सम्राट चौधरी, चुने गए BJP विधायक दल के नेता, कल लेंगे शपथ

Bihar New CM BIG Update

Bihar New CM BIG Update: बिहार की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है। राज्य को नया मुख्यमंत्री मिल गया है। पटना में हुई बीजेपी विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से नेता चुना गया, जिसके बाद उनका मुख्यमंत्री बनना तय हो गया। इस अहम बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान विजय सिन्हा, मंगल पांडे और दिलीप जायसवाल ने सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा।

इस प्रस्ताव को सभी विधायकों ने समर्थन दिया, जिसके बाद उन्हें विधायक दल का नेता चुन लिया गया। नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी जल्द ही बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात करेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। जानकारी के मुताबिक, वे अगले दिन सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

Bihar New CM BIG Update: सम्राट चौधरी का पहला बयान

नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि यह उनके लिए सिर्फ एक पद नहीं, बल्कि जनता की सेवा करने का बड़ा अवसर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे ईमानदारी से काम करेंगे और लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि वे पिछले करीब 20 सालों से राजनीति में सक्रिय हैं और लगातार मेहनत करते हुए इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और गृह मंत्रालय जैसी जिम्मेदारियां निभाने का भी जिक्र किया और कहा कि वे बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि की दिशा में आगे ले जाएंगे।

Samrat Chaudhary Career in Politics: राजनीतिक सफर

सम्राट चौधरी का जन्म 16 नवंबर 1968 को हुआ था। उनकी पत्नी का नाम ममता कुमारी है और उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। उनके पिता शकुनी चौधरी एक जाने-माने समाजवादी नेता रहे हैं। शकुनी चौधरी कभी लालू प्रसाद यादव के करीबी माने जाते थे, लेकिन बाद में उन्होंने अपनी राजनीतिक दिशा बदली और नीतीश कुमार के साथ जुड़ गए।

सम्राट चौधरी को राजनीति विरासत में मिली। उन्होंने अपने पिता के मार्गदर्शन में राजनीति की शुरुआत की। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत आरजेडी से की थी, जहां उन्होंने राजनीति की बुनियादी समझ हासिल की। बाद में वे बीजेपी में शामिल हो गए और धीरे-धीरे पार्टी में अपनी मजबूत पहचान बनाई।

24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ, टूटा पुराना रिकॉर्ड

सम्राट चौधरी बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। उनका यह सफर कई मायनों में खास माना जा रहा है। वे उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हो गए हैं, जो पहले उपमुख्यमंत्री रहे और बाद में मुख्यमंत्री बने। बिहार की राजनीति में अब तक केवल कर्पूरी ठाकुर ही ऐसे नेता थे, जो पहले उपमुख्यमंत्री बने और फिर मुख्यमंत्री बने। लंबे समय तक यह रिकॉर्ड कोई नहीं तोड़ पाया। इस सूची में सुशील कुमार मोदी, तेजस्वी यादव, तार किशोर प्रसाद और रेणु देवी जैसे बड़े नाम शामिल रहे, लेकिन ये सभी मुख्यमंत्री नहीं बन सके।

अब सम्राट चौधरी ने इस रिकॉर्ड को तोड़ते हुए इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया है। सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही बिहार में एक नए राजनीतिक दौर की शुरुआत मानी जा रही है। अब सबकी नजर इस बात पर होगी कि वे अपने वादों पर कितना खरा उतरते हैं और राज्य को विकास की नई दिशा में कैसे आगे बढ़ाते हैं।

यह भी पढ़ें: ‘नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग मिलेगा’, इस्तीफे के बाद Nitish Kumar की पहली प्रतिक्रिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

Related Posts

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।