बिहार के जमुई जिले में एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने नवनिर्वाचित मुखिया की गोली मारकर हत्या करदी और फरार हो गए। इसके बाद घटना से आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया और दो पुलिस वाहनों में आग लगा दी। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि, दरखा पंचायत के नवनिर्वाचित मुखिया जयप्रकाश महतो शुक्रवार की शाम एक सैलून से निकलकर घर लौट रहे थे कि, बालडा मोड के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी।
अस्पताल ले जाते समय हो गई मौत
मुखिया को गोली मारने के बाद आनन-फानन में घायल अवस्था में नवादा के अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही लोग आक्रोशित हो गए और सिकंदरा- नवादा सड़क को दरखा मोड़ के पास जाम कर प्रदर्शन करने लगे। इस क्रम में जब पुलिस लोगों को समझाने पहुंची तब लोग और आक्रोशित हो गए और पुलिस पर पथराव प्रारंभ कर दिया। इस घटना में तीन पुलिसकर्मियों को चोटिल होने की सूचना है।
सभी कोणों से जांच कर रही है पुलिस
जमुई के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि, अपराधियों की संख्या तीन बताई जा रही है जो एक बाइक पर सवार होकर आए थे। उन्होंने बताया कि, फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पुलिस प्रथम दृष्टया इस हत्या को चुनावी रंजिश का मामला मानकर सभी कोणों से जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



