Bihar News : विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी मंगलवार को मुंबई से पटना पहुंचे। उन्होंने कहा कि उनके पिता की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बात हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जो भी दोषी होंगे, उन पर कार्रवाई की जाएगी।
Highlight :
- मुकेश सहनी पहुंचे पटना
- सीएम ने दिया है दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन
- जीतन सहनी की धारदार हथियार से की हत्या
जीतन सहनी की धारदार हथियार से की हत्या
बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की अज्ञात बदमाशों ने सोमवार की देर रात धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। मंगलवार की सुबह उनका क्षत-विक्षत शव दरभंगा के सुपौल बाजार स्थित उनके आवास से बरामद किया गया। इस घटना की सूचना मिलने के बाद पूर्व मंत्री मुंबई से वापस पटना लौटे हैं। पटना पहुंचने के बाद उन्होंने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि उन्हें मीडिया और गांव के लोगों से यह खबर मिली थी।
सीएम ने दिया है दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव सहित करीब सभी नेताओं से बात हुई है। सभी लोगों ने आश्वस्त किया है कि जो भी दोषी है, वह बख्शा नहीं जाएगा। मेरा आग्रह है कि दोषियों को कठोर सजा दी जाए। इससे पहले मुकेश सहनी के भाई संतोष सहनी ने पत्रकारों को बताया कि उनकी पिता से सोमवार को रात आठ बजे बात हुई थी। सुबह उनकी हत्या की खबर मिली। उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।
मुकेश सहनी पहुंचे पटना
दूसरी तरफ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी के असामयिक निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीतन सहनी की हत्या अत्यंत दुखद घटना है। मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक को मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


Download Android App
Download iOS App



