बिहार की राजधानी पटना में इंडिगो एयरलाइंस के स्टेशन मैनेजर रूपेश सिंह की हत्या मामले का जल्द खुलासा होने वाला है। बिहार के डीजीपी एस.के. सिंघल ने मंगलवार को इसका दावा करते हुए कहा कि पुलिस जांच अंतिम दौर में पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला पार्किंग ठेका विवाद से जुड़ा नजर आ रहा है।
डीजीपी सिंघल ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि रूपेश हत्या की जांच कई कोणों से की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला एयरपोर्ट पार्किंग ठेका विवाद से जुड़ा लग रहा है। उन्होंने कहा कि अभी तक की जांच में जो बात सामने आई है, उसके मुताबिक रूपेश की हत्या भाड़े के कॉन्ट्रैक्ट शूटरों से करवाई गई है। सूत्रों के मुताबिक, रूपेश के परिजन ठेकेदारी व्यसाय से भी जुड़े हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि राजधानी पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में 12 जनवरी की देर शाम इंडिगो एयरलाइंस कंपनी के स्टेशन प्रबंधक रूपेश कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रूपेश सिंह अपने पुनाईचक स्थित कुसुमविला अपार्टमेंट में प्रवेश कर ही रहे थे, तभी अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इस हत्याकांड के बाद सरकार और पुलिस की भी भारी फजीहत हुई है। कहा जा रहा है कि इस मामले पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद नजर बनाए हुए हैं।


Download Android App
Download iOS App



