बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के ताजिया पूजते वीडियो वायरल होने पर जोरदार निशाना साधा। उन्होंने तंज कसा कि तुष्टिकरण की राजनीति में लोग ताजिया पूजें या बुरका पहन लें, लेकिन अपने धर्म का अपमान न करें। हिंदू सनातन का सम्मान सभी सनातनियों की जिम्मेदारी है।

पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए लखीसराय के विधायक विजय कुमार सिन्हा ने पत्रकारों के एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि धर्म निरपेक्षता का यह मतलब नहीं कि अपने धर्म का अपमान करें। उन्होंने आगे कहा कि कोई ताजिया पूजे या बुर्का पहन लें। वोट की राजनीति में जब नौटंकी ही करना है तो कुछ भी करें। उन्होंने कहा कि हम अपने धर्म का सम्मान करते हैं। सनातन में सभी वर्ग और धर्म के लोगों की सम्मान जिम्मेदारी है। हम अपने धर्म का मजाक कभी नहीं करेंगे, कुछ लोग वोट की तुष्टिकरण में लगे हैं। हमलोग तो सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। लेकिन, अपने धर्म का अपमान कभी नहीं स्वीकार करेंगे। वोट की तुष्टिकरण की राजनीति से यह संदेश कभी नहीं देंगे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के यूपी से चुनाव लड़ने की चर्चा को लेकर विजय कुमार सिन्हा ने कहा, मुख्यमंत्री घबराहट में हैं और आत्मबल खो चुके हैं। जिस तरह सिद्धांतविहीन समझौता कर जनादेश का अपमान कर चोर दरवाजे से सुशासन का वादा कर उस ‘दुशासन’ को ले आए हैं, जिस जंगलराज के खिलाफ वह लड़ाई लड़े थे। ऐसे में मुख्यमंत्री को लगने लगा है कि बिहार की जनता अब उन्हें माफ नहीं करेगी, ऐसे में वे एक सीट भी नहीं जीत सकते। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी जब गुजरात से यूपी गए तो भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है और बनारस की संकरी गलियों को विश्व गौरव प्रदान किया।


Download Android App
Download iOS App



