बिहार विधानसभा चुनाव की आहट के बाद नेताओं के बीच आरोप -प्रत्यारोप का दौर जारी है। वहीं एक-दूसरे पर सियासी हमला करने के लिए पोस्टर का भी सहारा लिया जा रहा है। इसी कड़ी में पटना की सड़कों पर बुधवार को एक पोस्टर लगाया गया है जिसमें राजद की सरकार को ‘पति-पत्नी की सरकार’ बताते हुए निशाना साधा गया है।
कहा जा रहा है कि यह पोस्टर सत्तारूढ़ दल के समर्थकों द्वारा लगाया गया है। हालांकि पोस्टर में जारी करने वालों का कोई उल्लेख नहीं है। राजधानी पटना में राजद के खिलाफ लगे पोस्टर में लालू प्रसाद, राबड़ी देवी के अलावे पूर्व सांसद शहाबुद्दीन और राजवल्लभ यादव की तस्वीरें है।

पोस्टर में राजद सरकार में हुई घटनाओं को दर्शाने की कोशिश की गई है। पोस्टर का शीर्षक ‘पति-पत्नी की सरकार’ दिया गया है। 15 सालों में अपहरण, दुष्कर्म, रंगदारी, घोटाला, गुंडागर्दी, हत्या और लूट का जिक्र पोस्टर में किया गया है। पोस्टर में लिखा है, सौदागरों को लज्जा भी भला क्यों, उनके लिए व्यापार थी सरकार।
पोस्टर में आगे लिखा गया है, जनता कहे पुकार के, जब भी जी करता था, कुछ करूं, क्या करता? डर लगता था। कैसे उतारूं ‘सुख’ की ये गठरी, कहां धरूं डर लगता था। पोस्टर के सबसे नीचे लिखा गया है, व्यवस्था खराब नहीं थी, बल्कि व्यवस्था ही नहीं थी। उल्लेखनीय है कि बिहार में इस साल के प्रारंभ से ही पोस्टर पॉलिटिक्स प्रारंभ है, जिसकी रफ्तार पिछले दिनों धीमी पड़ गई थी।


Download Android App
Download iOS App



