बिहार के खगड़िया जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र में सोमवार को एक स्कूल की दीवार गिर जाने से छह लोगों की मौत हो गई तथा और दो से तीन लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना के बाद अफरा-तफरी की स्थिति बनी हुई है। राहत और बचाव कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि चंडीटोला गांव स्थित मध्य विद्यालय के पास ही पंचायत समिति की ओर से एक नाले का निर्माण कराया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नाले के निर्माण के दौरान जेसीबी से नाले के लिए खुदाई की जा रही थी, तभी स्कूल की दीवार भरभरा कर गिर गई, जिसमें काम कर रहे मजदूर दब गए।
घटनास्थल पर पहुंचे गोगरी के अनुमंडल पदाधिकारी सुभाष चंद्र मंडल ने आईएएनएस को बताया कि इस घटना में छह मजदूरों की मौत हो चुकी है तथा तीन मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मलबा हटाने का कार्य चल रहा है। इधर, जिले के जिलाधिकारी सहित कई अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों ने मरने वालों की संख्या में और वृद्घि होने की आशंका जताई है।


Download Android App
Download iOS App



