भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व द्वारा दिए गए लक्ष्य को पार्टी की राज्य इकाई पूरा करेगी। जायसवाल ने भाजपा प्रदेश कार्य समिति की पटना स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद छह मार्च को जगत प्रकाश नड्डा की बैठक के बाद आज उनकी दूसरी बैठक थी।
उन्होंने कहा कि आज की बैठक में महामारी की विषम परिस्थितियों में संगठन के माध्यम से जो सेवा कार्य किए गए हैं, उनके लिए पार्टी अध्यक्ष ने प्रदेश ईकाई को धन्यवाद दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष नड्डा ने बिहार भाजपा के कार्यकर्ताओं को कुछ काम सौंपे हैं, जिसके तहत सभी प्रतिनिधियों को सप्ताह में दो दिन टीकाकरण केंद्रों पर जाना है।
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को सुनिश्चित करना है कि गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत दीपावली तक जरुरतमंदों को किए जा रहे अनाज का समुचित वितरण हो। जायसवाल ने कहा कि ‘वन नेशन-वन कार्ड’ के तहत इस योजना का लाभ पीडीएस दुकानों के माध्यम से हर गरीब को मिले, भाजपा कार्यकर्ताओं को यह सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों के हित में एक लाख करोड़ रुपये एफपीओ बनाने और चलाने के लिए दिया है। चुनाव से पहले पार्टी द्वारा 10 लाख नौकरी देने का वादा पूरा करने में एफपीओ और एमएसएमई क्षेत्र मुख्य भूमिका निभा सकते हैं। जायसवाल ने कहा कि इसके अतिरिक्त हमारे कार्यकर्ता रेहड़ी-पटरी वालों को दिए जाने वाले ऋण योजना का लाभ पाने में 50 लाख वेंडर्स का मंडल स्तर पर सहयोग करेंगे। जायसवाल ने कहा कि 25 सितंबर से 25 दिसंबर अर्थात पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती से लेकर अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती तक बूथ स्तर पर पार्टी को सशक्त बनाने की दिशा में काम किया जाए।


Download Android App
Download iOS App



