बिहार के वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र से एक अजीबोगरीब मामला प्रकाश में आया है। एक युवक को शादी नहीं करने की धमकी दी गई और जब युवक दुल्हा बन गया तो गुरुवार को अज्ञात अपराधियों ने उसकी जान ले ली। पुलिस अब पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।
दरअसल, यह पूरा मामला बिदुपुर थाना क्षेत्र का है जहां गुरुवार को अपराधियों ने उचीडीह गांव निवासी पंकज कुमार को गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, पंकज सुबह हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र से एक विस्किट की फैक्ट्री में काम कर वापस अपने घर लौट रहा था कि अपराधियों ने रहीमपुर चौक के पास गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
अपराधियों की संख्या दो बताई जा रही है जो एक बाइक पर सवार होकर आए थे। परिजनों का कहना है कि अज्ञात लोगों ने पंकज की शादी नहीं करने की हिदायत दी थी। इसको लेकर फोन और एक रजिस्ट्री द्वारा पत्र भी अज्ञात लोगों द्वारा घर पर भेजा गया था और चेतावनी दी गई थी अगर पंकज की शादी की गई तो उसकी हत्या कर दी जाएगी।
शादी के बाद भी यह सिलसिला चलता रहा। परिजनों ने बताया कि मृतक की 27 मई को शादी हुई थी और गुरुवार को उसकी हत्या कर दी गई। इधर, वैशाली के पुलिस अधीक्षक रवि रंजन का दावा है कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर ली गई है, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



