भाजपा ने अगले साल भारत में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए सुझाव मांगने को लेकर केंद्र द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में शामिल नहीं होने के लिए मंगलवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आलोचना की।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने एक वीडियो बयान में कहा कि सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में सर्वदलीय बैठक का ‘‘बहिष्कार’’ करने का कुमार का फैसला ‘‘सरकार के प्रोटोकॉल के खिलाफ’’ है।
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘चूंकि कुमार ने अतीत में दो बार भाजपा और प्रधानमंत्री को धोखा दिया और महागठबंधन से हाथ मिलाया, इसलिए वह (कुमार) प्रधानमंत्री का सामना करने या सर्वदलीय बैठक में भाग लेने का साहस नहीं जुटा सके।’’
सुशील मोदी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय महासचिव और विधान पार्षद अफाक अहमद खान ने कहा, ‘‘नीतीश दूरदर्शी नेता हैं। मुझे कहना होगा कि लोग अब 2024 के संसदीय चुनावों का इंतजार कर रहे हैं…अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा का सफाया हो जाएगा।’’
प्रधानमंत्री मोदी ने सर्वदलीय बैठक में कहा कि भारत की जी-20 अध्यक्षता पूरी दुनिया को देश की क्षमता दिखाने का अनूठा अवसर है।


Download Android App
Download iOS App



