बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा मुख्यालय पर हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में पहले चरण की सीटों के उम्मीदवारों के नाम पार्टी ने तय कर लिए हैं। भाजपा सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस कर उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि सोमवार को 50 से अधिक सीटों पर उम्मीदवारों के नाम जारी हो सकते हैं।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में हुई इस बैठक में पहले और दूसरे चरण की सीटों के उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई। इसके बाद तीसरे चरण के उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को अधिकृत कर दिया गया। इसका मतलब है कि अब पार्टी आगे केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक नहीं करेगी।
कुछ सीटों को लेकर सहयोगी जदयू से पेंच फंसा है। इसको लेकर सोमवार को सुबह नौ बजे से दिल्ली में एक बार और जदयू के साथ पार्टी सीटों को लेकर विचार-विमर्श करेगी। इस बैठक में दोनों दल सीटों पर अंतिम रूप से चर्चा करेंगे। इसके बाद दोपहर या शाम तक भाजपा अपनी पहली सूची जारी कर सकती है। इस दौरान सीट शेयरिंग फॉर्मूले की भी आधिकारिक घोषणा हो सकती है।
भाजपा के केंद्रीय चुनाव समिति की इस बैठक में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत, बिहार प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव, चुनाव प्रभारी देवेंद्र फड़णवीस, बिहार के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, शाहनवाज हुसैन और राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष प्रमुख रूप से मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App



