पटना: मध्यप्रदेश में जारी सियासी उठापटक के बीच बिहार की भारतीय मित्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष धनेश्वर महतो ने भाजपा पर सत्ता की भूख का आरोप लगाया है। महतो ने कहा कि भाजपा को सत्ता की भूख है। भाजपा सत्ता के लिए विधायकों की खरीद फरोख्त का खेल खेलकर राज्यों की सरकार तोडऩे में जुटी है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से मध्यप्रदेश में भाजपा ने कमलनाथ सरकार को गिराने का प्रयास किया, दाल में जरूर कुछ काला है। फ्री में खटमल भी नहीं काटता है।
उन्होंने ने कहा कि विधायक, विधायक बनने के लिए अपनी जिंदगी खपा देते हैं। मध्यप्रदेश में 22 विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है। महतो ने आरोप लगाया है कि इसमें पैसे का खेल हुआ है। सत्ता की भूख विपक्ष को नहीं भाजपा को है। सत्ता का लोभ भाजपा को है, भाजपा देश में दंगा, सरकार गिराना जैसा घिनौना कार्य करने से भी बाज नहीं आती है।


Download Android App
Download iOS App



