राजद ने राज्यसभा प्रत्याशी चुनने में लोकतांत्रिक प्रक्रिया नहीं अपनाई-सुशील मोदी

Summary :

मोदी ने कहा कि लालू प्रसाद ने जब कुली-चपरासी की नौकरी देने और रेलवे के होटल के बदले लोगों की जमीन लिखवा लेने में संकोच नहीं किया, तो वे एमपी-एमएलए-एमएलसी के टिकट केवल धरना-प्रदर्शन करने वाले जमीनी कार्यकर्ताओं को कैसे दे सकते हैं?

पटना:बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए चुनाव होना है, 13 मार्च को नामांकन की आखिरी तारीक हैं। इन पांच सीटों में से तीन सीटों पर एनडीए की स्थिति स्पष्ट है तो वहीं दो सीटें राजद और कांग्रेस की होगी। मगर इन दोनों सीटों पर राजद ने अपने उम्मीदवारों को मैदान में उतार दिया है, प्रेमचंद गुप्ता और अमरेंद्रधारी सिंह को। दोनों उम्मीदवारों ने विधानसभा में अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया है। इस बीच सूबे के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने राजद द्वारा उतारे गए प्रत्याशी पर तंज कसा है।
मोदी ने ट्वीट कर कहा कि राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार तय करना किसी भी पार्टी का आंतरिक मामला है, लेकिन लगता है कि राजद ने इसके लिए कोई लोकतांत्रिक प्रक्रिया नहीं अपनाई हैं। वे सडक़ पर लोकतंत्र बचाने का नाटक तो खूब करते हैं, लेकिन किसको टिकट मिलना है, यह जेल से तय करते हैं। राजद ने एक ऐसे व्यक्ति को टिकट दिया, जिसे राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सीनियर सदस्य भी नहीं जानते।
मोदी ने आगे कहा कि लालू प्रसाद ने जब कुली-चपरासी की नौकरी देने और रेलवे के होटल के बदले लोगों की जमीन लिखवा लेने में संकोच नहीं किया,  तो वे एमपी-एमएलए-एमएलसी के टिकट केवल धरना-प्रदर्शन करने वाले जमीनी कार्यकर्ताओं को कैसे दे सकते हैं? जनता देख रही है कि लोकतंत्र को गरीबों की झोली से छीन कर अमीरों की हवेली में कौन पहुंचा रहा है।

Desk Team