भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बिहार इकाई नये कृषि कानूनों के समर्थन में रविवार से 13 दिनों के लिए अभियान चलाएगी और कृषक समुदाय को केंद्र के कृषि सुधार उपायों से अवगत कराने के लिए राज्यभर में किसानों की सभाएं करेगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वह और केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद पटना जिले के बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र से यह अभियान शुरू करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘ हम राज्य के सभी 38 जिलों में किसान सम्मेलन करेंगे और सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में किसान चौपाल लगायेंगे। बिहार के सारे केंद्रीय मंत्री इन कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। ’’
भगवा पार्टी के इन कार्यक्रमों की घोषणा ऐसे समय में हुई है जब दिल्ली में किसानों ने नये कृषि कानूनों को लेकर अपना आंदोलन तेज करने का निश्चय किया है। जायसवाल ने आरोप लगाया कि कृषि के क्षेत्र में सक्रिय बिचौलिये नये कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं और केंद्र ने प्रदर्शनकारी किसानों को आश्वासन दिया है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य की व्यवस्था बनी रहेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन प्रदर्शनकारी किसान ऐसे बर्ताव कर रहे हैं, जैसे कि वे देश में सभी कृषक बिरादरी का प्रतिनिधित्व करते हों। यही वजह है कि बिहार भाजपा ने नये कानूनों के समर्थन में अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है।’’


Download Android App
Download iOS App



