Bihar में मंत्रिमंडल विस्तार से विकास को मिलेगी गति: मंत्री प्रेम कुमार

Summary :

Bihar: विपक्ष के आरोप निराधार, मंत्रिमंडल विस्तार सही फैसला: प्रेम कुमार

बिहार सरकार में मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार ने नीतीश कैबिनेट के विस्तार को लेकर कहा कि भाजपा विधायकों की संख्या ज्यादा है, इसलिए यह पार्टी का अधिकार था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सहयोग से यह फैसला लिया गया।

जमुई के झाझा नागी पक्षी आश्रयणी केंद्र में आयोजित पक्षी महोत्सव में भाग लेने पहुंचे प्रेम कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मंत्रियों की संख्या बढ़ने से और अधिक काम होगा। चुनाव भी अब आने वाला है। बजट के हिसाब से काम करने का लक्ष्य तय किया गया है। भाजपा द्वारा नीतीश सरकार को हाईजैक करने के विपक्ष के आरोपों को निराधार बताते हुए भाजपा नेता ने कहा, “ऐसी कोई बात नहीं है। भाजपा बिहार में बड़ी पार्टी है। केंद्र में भी हमारी सरकार है। कई राज्यों में हम सरकार चला रहे हैं। मेरा मानना है कि सही समय पर मंत्रिमंडल विस्तार का सही निर्णय हुआ है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। काम करने का उन्हें भी मौका मिला था, लेकिन वे चूक गए। हम काम कर रहे हैं। बिहार आगे बढ़ रहा है।”

उन्होंने कहा कि आज बिहार में ‘डबल इंजन की सरकार’ है। एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद बिहार को मिल रहा है तो दूसरी ओर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य का सर्वांगीण विकास हो रहा है। प्रेम कुमार ने कहा कि भाजपा ने तय किया है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे और हम उसकी तैयारी में जुटे हैं। इसमें किसी को कोई शंका नहीं होनी चाहिए।

दिल्ली की एक अदालत द्वारा लालू यादव और उनके परिजनों के खिलाफ समन जारी किए जाने को लेकर उन्होंने कहा कि ‘जमीन के बदले नौकरी’ मामले में ईडी ने काफी छानबीन कर कार्रवाई की होगी। यह पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत हो रहा है और इसमें कोई राजनीति नहीं है। उन्होंने कहा कि उप चुनाव में बिहार की जनता ने सिग्नल दे दिया है और आगामी विधानसभा चुनाव में 225 सीट जीतकर एनडीए फिर से सरकार बनाएगी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.