चिराग पासवान ने नीतीश कुमार को दी बधाई, साथ ही कसा तंज- उम्मीद है कि आप NDA के CM बने रहेंगे

Summary :

लोजपा नेता ने कहा, ‘‘ एक बार पुनः आपको मुख्यमंत्री बनने की और भारतीय जनता पार्टी को आप को मुख्यमंत्री बनाने के लिए बधाई।’’चिराग ने कहा कि बिहार सरकार में सभी नवनियुक्त मंत्रियों को ढेर सारी बधाई एवं शुभकामनाएं।

लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनने पर सोमवार को बधाई देते हुए तंज किया कि आशा करता हूं, सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी और आप राजग के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। चिराग ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘ आदरणीय नीतीश कुमार जी को फिर से मुख्यमंत्री बनने की बधाई। आशा करता हूं सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी और आप एनडीए के ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे।’’ 

उन्होंने कहा कि चार लाख बिहारियों द्वारा बनाया गया #बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट विजन डॉक्यूमेंट आप को भेज रहा हूं ताकी उसमें से भी जो कार्य आप पूरा कर सकें, उसे पूरा कर दें। लोजपा नेता ने कहा, ‘‘ एक बार पुनः आपको मुख्यमंत्री बनने की और भारतीय जनता पार्टी को आप को मुख्यमंत्री बनाने के लिए बधाई।’’चिराग ने कहा कि बिहार सरकार में सभी नवनियुक्त मंत्रियों को ढेर सारी बधाई एवं शुभकामनाएं। आशा है कि आप सभी बिहार को बेहतर बनाने की दिशा में काम करेंगे। 

गौरतलब है कि बिहार चुनाव से पहले चिराग पासवान की पार्टी लोजपा, राजग से अलग हो गई थी और अकेले चुनाव लड़ा था। लोजपा ने जद (यू) और नीतीश कुमार का विरोध किया था हालांकि भाजपा के प्रति उसका रूख नरम रहा था । वहीं, नीतीश कुमार ने सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की । कुमार ने सातवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली । उनके साथ जद (यू) कोटे से पांच मंत्रियों और भाजपा कोटे से सात मंत्रियों ने शपथ ली । ‘हम’ पार्टी से संतोष कुमार सुमन और वीआईपी पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली ।

बिहार : नीतीश कुमार ने सातवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी बने उप मुख्यमंत्री 

Desk Team