बिहार: चिराग पासवान ने PM और CM नीतीश को लिखा पत्र, अपने क्षेत्र के कोविड मरीजों के लिए मांगी मदद

Summary :

लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अलग-अलग पत्र लिखकर अपने संसदीय क्षेत्र जमुई के कोरोना मरीजों के लिए अलग-अलग मांग रखी है।

लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अलग-अलग पत्र लिखकर अपने संसदीय क्षेत्र जमुई के कोरोना मरीजों के लिए अलग-अलग मांग रखी है। 
चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में कहा है कि केंद्र सरकार की घोषणा के मुताबिक पूरे देश में 551 नए ऑक्सीजन प्लांट लगाए जा रहे हैं। बिहार में 15 जिलों में भी नए ऑक्सीजन के प्लांट लगाए जाएंगे। उन्होंने पत्र में कहा है कि जमुई में भी ऑक्सीजन की कमी की शिकायत आ रही है। 
पासवान ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि जमुई के कोरोना मरीजों को ऑक्सीजन की कमी के कारण मृत्यु ना हो इस कारण वहां भी ऑक्सीजन का प्लांट स्थापित किया जाएं। इधर, जमुई सांसद चिराग पासवान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी पत्र लिखकर तत्काल वेंटिलेटर शुरू करवाने की मांग की है। 
उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लिखे पत्र में कहा है कि जमुई के जिला अस्पताल में चार वेंटिलेटर हैं, जिसे ऑपरेट करने के लिए एक भी टेक्नीशियन नहीं है। इस कारण कोरोना काल में कोरोना के मरीजों को इलाज में काफी परेशानी हो रही है। 
पासवान ने कहा कि इसकी जानकारी कई बार इससे पहले भी दी गई है। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक श्रेयसी सिंह ने प्रशासन को इस बारे में अवगत कराया, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि इस महामारी के दौर में टेक्नीशियन मुहैया कराया जाए, जिससे मरीजों को परेशानी कम हो सके। 

Desk Team