लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने मंगलवार को राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर बिहार सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार में कोई सुरक्षित नहीं है। चिराग पासवान छपरा में रूपेश सिंह के अवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि, “रूपेश की हत्या पटना के पॉश इलाके में हुई। जब उस इलाके में हत्या हो सकती है, तो बिहार में कोई सुरक्षित नहीं है।”
पासवान ने कहा, “यह दुख की बात है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था निचले स्तर पर है और प्रश्न पूछने वालों को ही बेतुका प्रश्न देकर चुप करवा दिया जा रहा है।” चिराग ने प्रदेश सरकार से रूपेश के परिवार को सुरक्षा और एक सरकारी नौकरी देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसी बात पर कमेटी बनाने की बात की जाती है, लेकिन काम कुछ नहीं होता, तो फिर ऐसी कमेटी बनाने की आवश्यकता ही क्या है।
उन्होंने कहा कि रूपेश की हत्या के आठ दिन बाद भी सरकार व प्रशासन अपराधियों का सुराग तक नहीं लगा सके हैं। उन्होंने सवाल किया कि सीसीटीवी कैमरा खराब क्यों था, प्रशासन के अधिकारी क्या कर रहे थे। खुफिया एजेंसी क्या कर रही थीं। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उल्लेखनीय है कि राजधानी पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में इंडिगो एयरलाइंस कंपनी के स्टेशन प्रबंधक रुपेश कुमार सिंह की अपराधियों ने 12 जनवरी की देर शाम गोली मारकर हत्या कर दी।


Download Android App
Download iOS App



