बिहार में सत्ताधारी जनता दल (युनाइटेड) के विधायक गोपाल मंडल की तेजस रेकयुक्त राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन में सफर के दौरान अंडरवियर और बनियान पहने तस्वीर वायरल होने के बाद अब विधायक ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनका यात्रा के दौरान पेट खराब हो गया। उन्होंने स्वीकार किया कि वास्तविक में वो अंडरवियर और बनियान में थे।
दरअसल यह पूरा मामला राजेंद्र नगर से नई दिल्ली जा रही तेजस रेकयुक्त राजधानी एक्सप्रेस की है। कहा जा रहा है कि जदयू के विधायक गोपाल मंडल जब दिल्ली जा रहे थे तभी ट्रेन की बोगी में वे बनियान और अंडरवियर पहने घूम रहे थे।
रेलवे पुलिस के मुताबिक इस दौरान किसी यात्री ने जब इस पर आपत्ति जताई तब आरोप है कि विधायक ने यात्री के साथ दुर्व्यवहार किया। इसकी सूचना यात्री ने टीटीई और पुलिस को दी। इसके बाद मामले को समझा-बुझाकर निपटा दिया गया।
इधर, जब विधायक की यह तस्वीर शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुई तब अब उन्होंने सफाई दी है। विधायक गोपाल मंडल ने सफाई देते हुए कहा, “वास्तव में मैं अंडरवियर और बनियान में था। ट्रेन में चढ़ा तो मेरा पेट खराब हो गया। मैं जो भी बोलता हूं सच बोलता हूं, झूठ नहीं बोलता हूं। ऐसा नहीं कि इस पर मुझे फांसी हो जाएगी।”
इधर, रेलवे के अधिकारी भी इस घटना की पुष्टि की है। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि विधायक तेजस रेकयुक्त राजधानी एक्सप्रेस में पटना से नई दिल्ली जाने के क्रम में बनियान और अंडरवियर में घूमते दिखे। इसके बाद कुछ यात्रियों ने आपत्ति जताई। आरपीएफ और टीटीई ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कर दिया। उन्होंने कहा कि अब विधायक जी ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया भी दे दी है।


Download Android App
Download iOS App



