बिहार में अकेले चुनाव लड़ने पर विचार कर रही है कांग्रेस पार्टी: कांग्रेस प्रभारी अल्लावरु

Summary :

बिहार में कांग्रेस की चुनावी रणनीति पर चर्चा

बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सभी दल रणनीति बनाने में जुट गए हैं। इस बीच, बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मजबूत है और आगे लोगों से मिलकर रणनीति बनाएंगे। पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोमवार को बिहार के दौरे को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री आएं-जाएं, कांग्रेस अपना काम करती रहेगी। बिहार कांग्रेस प्रभारी ने बिहार के दौरे को लेकर कहा कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता से मिलकर आगे की रणनीति बनाने का काम करेंगे।

बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव में कितनी सीटों पर लड़ने की योजना को लेकर उन्होंने सीधा कोई जवाब नहीं दिया। हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा कि आगे मिलजुल कर रणनीति बनाएंगे। बिहार में दिल्ली की तरह अकेले चुनाव लड़ने को लेकर उन्होंने कहा कि अभी तो चर्चा चल रही है। लोगों से मिलकर रणनीति बनाएंगे।

दरअसल, कृष्णा अल्लावरु बिहार के कांग्रेस प्रभारी बनने के बाद सक्रिय नजर आ रहे हैं। अल्लावरु बिहार कांग्रेस प्रभारी नियुक्त होने के बाद 20 फरवरी को पहली बार पटना पहुंचे थे। कांग्रेस के नेता ने कहा था कि पार्टी की यह कमी रही है कि हम रेस के घोड़े को बारात में और बारात के घोड़े को रेस में लगा देते हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।

कार्यकर्ताओं को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा कि वे जब तक बिहार के लोगों के साथ रहेंगे, तब तक जो कार्यकर्ता खून-पसीना लगाकर लड़ाई लड़ेगा, उसे सम्मान भी दिया जाएगा। उन्होंने हालांकि कार्यकर्ताओं को क्षेत्र में काम करने का संदेश देते हुए यह भी कहा कि लड़ाई सदाकत आश्रम में नहीं बल्कि मैदान में होगी। उन्होंने कहा कि गुटबाजी से कोई लड़ाई नहीं जीती जा सकती।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.