Coronavirus : बिहार में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हुई

Summary :

बिहार में कोविड-19 से संक्रमित एक मरीज की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वाले मरीजों की संख्या बढकर दो हो गई है।

बिहार में कोविड-19 से संक्रमित एक मरीज की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वाले मरीजों की संख्या बढकर दो हो गई है। अब तक राज्य में 83 पॉजिटिव मरीज अभी तक सामने आए हैं। 
पटना स्थित एम्स के निदेशक डॉ. प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि उनके अस्पताल में भर्ती वैशाली जिला निवासी कोरोना वायरस संक्रमित एक मरीज 935 की शुक्रवार को मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि मस्तिष्क के रोग से ग्रसित उक्त मरीज को बृहस्पतिवार को एम्स में भर्ती कराया गया था और उसके नमूने की बृहस्पतिवार को आई जांच रिपोर्ट में उसके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।
बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के बृहस्पतिवार को मुंगेर में नौ और बक्सर में दो नए मामले सामने आने के बाद प्रदेश में कोविड-19 से संक्रमित मामले अब बढ़कर 83 हो गये हैं जबकि इससे संक्रमित मुंगेर निवासी एक मरीज की गत 21 मार्च को पटना के एम्स में मौत हो गयी थी।

अर्थव्यवस्था के लिए RBI द्वारा उठाए गए कदम PM मोदी के दृष्टिकोण को देते हैं मजबूती : अमित शाह

बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के अब तक सिवान में सबसे अधिक 29 मामले, मुंगेर में 17, बेगुसराय में आठ, पटना एवं नालंदा में छह-छह, गया में पांच, गोपालगंज एवं नवादा में तीन-तीन, बक्सर में दो, सारण, लखीसराय, भागलपुर एवं वैशाली में एक-एक मामला सामने आया है।
गौरतलब है कि ओमान से लौटे सिवान निवासी एक मरीज के संपर्क में आने से अब तक 23 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। वहीं कतर से लौटे मुंगेर निवासी एक मरीज के संपर्क में 64 व्यक्ति आए थे जिनमें से 55 के नमूने जांच के लिए आरएमआरआई में भेजे गये थे, जिसमें से 11 में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई थी।बिहार में अब तक 8,834 नमूनों की जांच की जा चुकी है और कोरोना वायरस से संक्रमित 37 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं।

Desk Team