बिहार के दरभंगा जिले में मुहर्रम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शुक्रवार सुबह दो पक्षों के बीच विवाद हो गया और धीरे-धीरे हिंसक रूप ले लिया। यह पूरा मामला बहादुरपुर थाना क्षेत्र के उझौल गांव का है।
जानकारी के मुताबिक, ट्यूब लाइट बुझाने को लेकर दो पक्षों के बीच झड़प हुई, इस दौरान उझौल गांव निवासी दिलीप सहनी के पुत्र सुनील सहनी (उम्र 30-31 साल) ने मो. इलियास के पुत्र मो. मोबिन (उम्र 50-51 साल) को पेट में गोली मार दी। घटना में मो. मोबिन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें दरभंगा में ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सुनील के सिर पर धारदार फरसे से हमला
बताया जा रहा है कि पटना जिला बल में सहायक अवर निरीक्षक (ASI) के पद पर तैनात मो. मोबिन मुहर्रम की छुट्टी में अपने घर आए हुए थे। घटना के समय जैसे ही गोली चली, मौके पर चीख-पुकार मच गई। इसी बीच, वहां मौजूद भीड़ ने आरोपी सुनील को चारों तरफ से घेर लिया और उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी। इसी मारपीट के दौरान किसी ने सुनील के सिर पर धारदार फरसे से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोली मारकर ट्यूब लाइट बुझाने पर विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे सुनील सहनी अपने चार साथियों के साथ अखाड़े के मामबाड़ा के पास पहुंचा। इसके बाद गोली चलाकर ट्यूब लाइट को बुझा दिया। इसी का विरोध मो. मोबिन ने किया, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया। सुनील ने गुस्से में मोबिन के पेट में गोली मार दी।
Darbhanga News: घटनास्थल से दो खाली खोखे और खून से सना फरसा बरामद
घटना की जानकारी मिलते ही बहादुरपुर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के दो खाली खोखे और खून से सना हुआ एक फरसा बरामद किया है। सबूत जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल, सुरक्षा को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
इस मामले में सदर एसडीपीओ राजीव कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App




