बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद उस वक़्त बुरी तरह भड़क गए जब उनसे विकास कार्यों को लेकर सवाल किया गया। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि हम आपके सवालों का जवाब नहीं दे सकते। आप चाहें तो मेरी बातों को रिकॉर्ड कर लीजिए या अखबार में बॉक्स बनाकर लिख दीजिएगा, हमें कोई दिक्कत नहीं। उपमुख्यमंत्री के इस रवैये का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
दरअसल, उपमुख्यमंत्री रविवार को बीजेपी विधायक विजय मंडल के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए अररिया आए थे। इस दौरान पत्रकारों ने उनसे पूछ दिया कि उन्होंने विद्यापति सर्किट से शिव मंदिर सुंदर नाथ धाम सुंदरी को जोड़ने की घोषणा की थी। उसपर क्या हुआ है।
सवाल सुनकर गुस्साए डिप्टी सीएम ने कहा, ‘हम आपके सवाल का जवाब नहीं दे सकते। आप चाहें तो मेरी बात रिकॉर्ड कर लीजिए। यह गलत तरीका है। हम इस तरह से आना बंद कर देंगे। यही सब धंधा है आप लोगों का। लिख दीजिएगा ब्लॉग में, हमें कोई दिक्कत नहीं है। अखबार में बॉक्स बनाकर लिख दीजिएगा।’
अररिया में पत्रकारों ने जब बिहार के डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद से विकास कार्यों संबंधित सवाल किए तो वे बिफर गए।
17 सालों से बिहार में सत्ता की मलाई चाटने वाले भाजपाईयों से कोई सवाल-जवाब करता है तो हत्थे से उखड़ जाते है। लुटेरों ने काम तो कुछ किया नहीं,प्रश्न पूछो तो गुस्साते है pic.twitter.com/6gRCkgxxLr
— Rashtriya Janata Dal (@RJDforIndia) April 17, 2022
उपमुख्यमंत्री के इस वायरल वीडियो पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने कटाक्ष करते हुए ट्वीट किया कि “अररिया में पत्रकारों ने जब बिहार के डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद से विकास कार्यों संबंधित सवाल किए तो वे बिफर गए। 17 सालों से बिहार में सत्ता की मलाई चाटने वाले भाजपाईयों से कोई सवाल-जवाब करता है तो हत्थे से उखड़ जाते है। लुटेरों ने काम तो कुछ किया नहीं, प्रश्न पूछो तो गुस्साते है।”


Download Android App
Download iOS App



