डीएम ने की कई विभागों की समीक्षा

Summary :

डीएम सावन कुमार ने जिला स्तरीय सभी पदाधिकारियों के साथ बैठक की । बैठक में डीएम ने लोक शिकायत निवारण अधिनियम अंतर्गत लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन करने एवं सभी लोक प्राधिकारों को सुनवाई में स्वयं उपस्थित रहने का निर्देश दिया है ।

कैमूर,(पंजाब केसरी):डीएम सावन कुमार ने  जिला स्तरीय सभी पदाधिकारियों के साथ बैठक की । बैठक में डीएम ने लोक शिकायत निवारण अधिनियम अंतर्गत लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन करने एवं सभी लोक प्राधिकारों को सुनवाई में स्वयं उपस्थित रहने का निर्देश दिया है । जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि अतिक्रमण से संबंधित 221 मामले  है। अतिक्रमण हटाने के लिए अंचलाधिकारी के स्तर पर लंबित हैं। जिसपर जिला पदाधिकारी ने अपर समाहर्ता को सभी लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। डीएम ने लोक सेवाओं का अधिकार अंतर्गत जन्म, मृत्यु प्रमाण पत्र में 39 आवेदन एवं  जाति प्रमाण पत्र में एक आवेदन समय सीमा के बाहर (एक्सपायर्ड) पाया। इसको लेकर उन्होंने क्रमशः जिला सांख्यिकी पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी भगवानपुर से नियमानुसार अर्थदंड अधिरोपित करने का निर्देश दिया है। जिला पदाधिकारी सभी विभागाध्यक्ष को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने कार्यालय अंतर्गत लंबित सीडब्ल्यूजेसी/एमजेसी/एलपीए इत्यादि से संबंधित मामलों में शीघ्र उच्च न्यायालय के समक्ष प्रति शपथ पत्र दायर करना सुनिश्चित किया जाए । उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को शिक्षा विभाग द्वारा जिला अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में चल रहे समर कैंप का सतत् भ्रमणशील रहकर निरीक्षण करने हेतु निर्देशित किया।

डीएम ने  सभी नगर कार्यपालक पदाधिकारी/सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर लागू प्रतिबंध को कड़ाई से पालन करने हेतु सतत छापेमारी करना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी को सिंगल यूज प्लास्टिक पर लागू प्रतिबंध से संबंधित व्यापक प्रचार प्रसार सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया ।  सीएमआर अधिप्राप्ति की समीक्षा के क्रम में जिला सहकारिता पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि अब तक 70.23% सीएमआर प्राप्त किया जा चुका है , जबकि राज्य स्तर पर सीएमआर जमा कराने का औसत लगभग 73% है। इसपर जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिन प्रखंडों में राज्य औसत से कम सीएमआर अधिप्राप्ति हुई है, वहां के प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी एवं सहायक प्रबंधक गोदाम से स्पष्टीकरण प्राप्त करने एवं वेतन अवरुद्ध करने हेतु निर्देशित किया । साथ ही जिला सहकारिता पदाधिकारी को ससमय सीएमआर जमा कराने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया। जीविका की समीक्षा के क्रम में जिला प्रबंधक जीविका द्वारा बताया गया कि प्रखंड स्तर पर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में ग्राम संगठन भवन बनाया जाना है, जिसके लिए रामपुर प्रखंड को छोड़कर शेष सभी प्रखंडों में जमीन चिन्हित हो चुका है। जिसपर जिला पदाधिकारी ने कहा कि जमीन चिन्हित हो चुके प्रखंडों में अग्रेतर कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करें । साथ ही अपर समाहर्ता को रामपुर प्रखंड में अंचलाधिकारी के माध्यम से जमीन चिन्हित कराने हेतु निर्देशित किया ।जिला मत्स्य पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि जिला एवं प्रखंड स्तर पर मछली बाजार निर्माण हेतु जमीन की आवश्यकता है। इसपर डीएम ने अपर समाहर्ता को सभी अंचल अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यकतानुसार भूमि चिन्हित कराने हेतु निर्देशित किया। बैठक में अपर समाहर्ता,उप विकास आयुक्त,जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी  जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी,जिला योजना पदाधिकारी,जिला शिक्षा पदाधिकारी,प्रभारी जेल अधीक्षक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी कर्मी उपस्थित थे।

Desk Team