पटना : अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन बिहार ईकाई के अध्यक्ष प्रो. डा. जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ आज यहां भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मुख्यालय के अटल सभागार में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद डा. संजय जायसवाल के समक्ष पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती रेणु देवी, बिहार के स्वास्थय मंत्री मंगल पाण्डेय, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र सिंह, भाजपा के चुनाव प्रभारी सुरेश रूगंटा, कार्यकारी अध्यक्ष संतोष जायसवाल मौजूद थे।
मिलन समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल ने कहा कि भाजपा आज समाज में एक अपनी अलग पहचान बनाने में कामयाब रही है। भाजपा ने जहां एक ओर समाज के गरीब वर्गो के लिए शौचालय व घर देने का काम किया है वहीं दूसरी ओर नागरिकता संषोधन विधेयक के माध्यम से पड़ोसी देशों से आये हुए अल्पसंख्यक भाई-बहनों को सहारा देने का काम किया है। जहां एक ओर हम घरों मे बिजली दे रहें है वहीं दूसरी ओर किसान भाईयों के लिए भी खेतों में बिजली उपलब्ध करा रहें है जिसका परिणाम है कि आज समाज के हर वर्गो में भाजपा की स्पर्षिता बढ़ती जा रही है। डा. गुप्ता के भाजपा में शामिल होने से पार्टी को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय ने कहा कि जगन्नाथ गुप्ता जी से वर्षो पुराना संबंध रहा है। सामाजिक राजनैतिक जीवन के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य करते हुए भी हमलोग एक दूसरे से जुड़े रहे है। इनके पार्टी में शामिल होने से निश्चित रूप से पार्टी को इनके अनुभव का लाभ मिलेगा। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती रेणु देवी ने श्री गुप्ता के साथ आये सैकड़ो समर्थकों का सामुहिक रूप से अभिनंदन किया।
मिलन समारोह में बोलते हुए प्रो. डा. जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पाार्टी में शामिल होने का मुख्य वजह है कि यह सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है। आज देश सर्व प्रिय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तरक्की कर रहा है। भाजपा अपने सिद्धान्तों से समझौता नहीं करती है। यह पूरी तरह लोकतांत्रिक पार्टी है जहां सभी धर्म व वर्ग के लोगों का सम्मान किया जाता है। पार्टी जो भी दायित्व देगी सहर्ष स्वीकार करते हुए पार्टी के मजबूती की दिशा में कार्य करेंगे। राजेश्वर प्रसाद राजेश, गंगोत्री प्रसाद, बमबम साह, संतोष कुमार, विद्यारथ प्रसाद गुप्ता, मनोज कुमार, राजेन्द्र कुमार, मनीष गुप्ता, सौरभ भगत, सुनन्दा केशरी समेत राज्य के विभिन्न जिला से आए सैंकड़ों की संख्या में लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र सिंह ने किया।