बिहार में ऐसे तो साइबर क्राइम की घटना करीब-करीब रोज घटती हैं, लेकिन अगर किसी मंत्री का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर मंत्री के ही परिजनों से पैसे की मांग की जाए तो समझा जा सकता है कि अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं।
ऐसा ही एक मामला राज्य के सहकारिता मंत्री सुभाष सिंह से जुड़ा सामने आया है, जिनका फर्जी फेसबुक अकाउन्ट बनाया गया और फिर उनके ही रिश्तेदारों से पैसों की मांग की जा रही है। सहकारिता मंत्री सुभाष सिंह ने अब इसकी लिखित शिकायत आर्थिक अपराध इकाई के पुलिस अधीक्षक से की है।
मंत्री ने अपने लिखित आवेदन में कहा है कि उनकी तस्वीर लगी फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों को पहले फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजा जा रहा है। रिक्वेस्ट स्वीकार कर लिए जाने के बाद पैसे की मांग की जा रही है। उन्होंने बताया कि पैसे की मांग गुगल पे या फोन फो के माध्यम से की जा रही है।
मंत्री ने अपने आवेदन में हैकर्स द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला मोबाइल नंबर तथा ईमेल आईडी का भी जिक्र किया है। इधर, मंत्री ने कहा कि रिश्तेदारों और करीबी लोगों से लगातार पैसे मंगाने का काम किया जा रहा है, जिसकी वजह से उनकी छवि धूमिल हो रही है। उन्होंने अधिकारी से आग्रह किया है जल्द ही इस अपराधी पर कार्रवाई की जाए।


Download Android App
Download iOS App



