लॉकडाउन उल्लंघन के आरोप में पूर्व सांसद पप्पू यादव गिरफ्तार, ट्वीट कर दी जानकारी

Summary :

कोरोना लॉकडाउन उल्लंघन के मामले में जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सांसद पप्पू यादव को पटना से गिरफ्तार किया गया है।

कोरोना प्रोटोकॉल उल्लंघन के मामले में जन अधिकार पार्टी (जाप) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सांसद पप्पू यादव को पटना से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने खुद ट्वीट कर खुद की गिरफ्तारी को लेकर जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि मुझे गिरफ्तार कर पटना के गांधी मैदान थाना ले आया है। 
पप्पू यादव की गिरफ्तारी की खबर सुनते ही उनके समर्थक उनके आवास के बाहर जमा हो गए हैं। पप्पू यादव ने एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, कोरोना काल में जिंदगियां बचाने के लिए अपनी जान हथेली पर रख जूझना अपराध है, तो हां मैं अपराधी हूं। PM साहब, CM साहब, दे दो फांसी, या, भेज दो जेल झुकूंगा नहीं, रुकूंगा नहीं। लोगों को बचाऊंगा। बेईमानों को बेनकाब करता रहूंगा! पप्पू यादव को लॉकडाउन उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।


बीते दिनों पप्पू यादव ने बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रूडी के एंबुलेंस को लेकर सवाल उठाया था। उन्होंने एक वीडियो ट्वीट कर कहा था कि “एंबुलेंस का राजीव प्रताप रूडी जी बालू ढोने में बहुत बेहतरीन उपयोग कर रहे थे। इसके लिए उनके पास ड्राइवर भी उपलब्ध था। लेकिन बीमारों की मदद के लिए एंबुलेंस चलाने के लिए ड्राइवर नहीं था।”

जाप अध्यक्ष पर अमनौर के अंचलाधिकारी ने लॉकडाउन उल्लंघन के मामले में रविवार को अमनौर थाना में एफआईआर दर्ज कराई थी। शिकायत में पप्पू यादव पर विश्वप्रभा सामुदायिक केंद्र में काफिले के साथ पहुंचकर लॉकडाउन का उल्लंघन का आरोप लगाया गया था। इससे पहले शनिवार को पप्पू यादव पर एंबुलेंस में तोड़फोड़ के आरोप में केस दर्ज किया गया था।

Desk Team