जन अधिकार पार्टी (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मधेपुरा के पूर्व सांसद पप्पू यादव ने दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम को नफरत की हार और मुहब्बत की जीत करार देते हुए कहा कि दिल्ली की जनता ने घोषणा करने वाले नेताओं को दरकिनार करते हुए विकास को चुना है।
श्री पप्पू यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भय और उन्माद के आधार पर चुनाव जीतना चाहा लेकिन दिल्ली की जनता ने विकास को चुना। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में बहुत अच्छा काम किया है और उसका परिणाम दिल्ली की जनता ने उन्हें दिया हैं। इसके लिए मैं उन्हें और दिल्ली की जनता को बहुत-बहुत बधाई देता हँ।
जाप अध्यक्ष ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ( आरएसएस) पर तीखी टिप्पणी करते कहा, ‘‘नफरत, जाति और धर्म के नाम पर चुनाव प्रचार कर रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अब राजनीति से संयास ले लेना चाहिए। जब सत्ता में काबिज पार्टी समाज में जाति और धर्म के नाम पर जहर घोलती है तो समाज का भविष्य अंधकार में चला जाता है और विकास अवरुद्ध हो जाता है।’’
श्री यादव ने बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के अध्यक्ष और राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि झारखंड में उनकी पार्टी को ‘नोटा’ से भी कम वोट मिले। बिहार में कुशासन स्थापित करने के बाद श्री कुमार दिल्ली चले थे और वहां भी उनकी फजीहत हो गई।
जाप नेता ने बिहार की जनता से दिल्ली चुनावों के आधार पर ही साल के अंत में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में विकास के नाम उनकी पार्टी को वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी राज्य में विकास की नई इबारत लिखेंगी और ‘कुशासन’ बाबू से राज्य को मुक्त कराने का काम करेगी।


Download Android App
Download iOS App



