मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कार्यक्रम के पश्चात् पत्रकारों द्वारा सासाराम में भाजपा नेता की गिरफ्तारी को लेकर पूछे गये प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर किसी पर कोई आरोप लगता है तो पुलिस उसकी जांच करती है। जांच में जो दोषी पाया जाता है उस पर कार्रवाई होती है। आज तक हमने इस सब चीजों में कभी इंटरफेयर नहीं किया है।
बिहार में जहां कहीं भी घटना होती है तो उसकी बारीकी से जांच होती है। जिन दो जगहों पर घटनाएं हुई है, वहां पर कड़ी कार्रवाई की गई है । घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन पूरे तौर पर सतर्क रहता है। घटना में कोई भी अगर दोषी पाया जायेगा तो चाहे वह किसी दल का हो, उस पर कार्रवाई होगी। किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा के नेता क्या बोलते हैं उस पर मैं ध्यान नहीं देता । उससे हमे कोई मतलब नहीं है।
जो भी होगा वह सभी लोगों की राय से ही होगा
राजद सुप्रीमो श्री लालू प्रसाद यादव से हुई मुलाकात के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी तबीयत खराब थी। दिल्ली में भी हमने उनसे मुलाकात की थी। अब यहां आये हैं तो हमारी उनसे मुलाकात हुई है। बिहार में विपक्षी एकता को लेकर बैठक करने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोग सभी नेताओं के साथ मिलकर बातचीत कर रहे हैं। अभी कुछ और लोगों से बातचीत होनी है। इसके बाद तय हो जायेगा कि कहां पर बैठक होगी। बहुत लोगों की राय है कि बैठक पटना में होनी चाहिए। सभी लोगों की राय से यह सब तय होगा। सभी लोग अगर चाहेंगे तो बिहार में जरुर बैठक होगी।
अभी एक राज्य में चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। कई दल उस चुनाव में लगे हैं चुनाव के बाद यह सब होगा। बिहार में सभी पार्टियों के साथ मीटिंग होगी तो यह खुशी की बात होगी। जो भी होगा वह सभी लोगों की राय से ही होगा।


Download Android App
Download iOS App



