बिहार के पूर्णिया में अंधविश्वास और मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जिले में तीन महिलाओं को डायन बता रातभर उनके साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं तमाशबीन बनी भीड़ के बीच महिलाओं को मैला तक पीने को मजबूर किया गया।
बीते शनिवार को हुई इस घटना में पीड़िताओं ने कस्बा थाना में आवेदन दिया है। पीड़िता की मानें तो उनके फुफेरे भाई की नवविवाहिता पत्नी बीमार हुई थी। वो लोग जब उसे देखने के लिए उनके घर गए तो महिला और उनके परिजनों ने उन पर डायन होने का आरोप लगाया और कहा इन्हीं लोगों ने जादू टोना कर महिला को बीमार कर दिया।
‘यहां पहले हो चुकी है चोरी, बेकार मेहनत ना करें’ चोरों से परेशान लोगों ने लगाए पोस्टर
21वीं शताब्दी के भारत में इन आरोपों पर यकीन करते हुए 10-12 लोगों ने मिलकर तीनों महिलाओं को अपने घर में बांध दिया और रात भर उनकी पिटाई की। इसके बाद सुबह में जबरन नाबालिग बच्ची समेत तीनों महिलाओं को मैला घोलकर पिला दिया। सामाजिक दबाव के कारण सोमवार को पीड़िता ने कस्बा थाना में शिकायत की।
इसके बाद थाना से पुलिस गांव पहुंची और दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी चंदन कुमार ठाकुर ने बताया कि इस बाबत कस्बा थाना में कांड संख्या 115/21 के तहत डायन बिसाही एक्ट समेत कई धाराओं में 11 लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अब तक दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि घटना के बाद से बाकी आरोपी फरार हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। आरोपी पक्ष का कहना है कि पीड़ित महिलाओं ने ही उनकी बहू को जादू टोना से बीमार कर दिया जिस कारण लोगों ने पकड़ कर उसके साथ मारपीट की।


Download Android App
Download iOS App



