पीएम मोदी के दौरे पर लालू का तंज, जेडीयू-आरजेडी में आरोप-प्रत्यारोप

Summary :

पीएम मोदी की यात्रा पर लालू-नीतीश में तीखी बयानबाजी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर प्रदेश में सियासत तेज हो गई है। राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री आज बिहार में हैं, इसलिए बिहार में झूठ और जुमलों की बरसात होगी। उनके इस बयान पर अब जेडीयू ने पलटवार किया है। जेडीयू ने कहा कि लालू यादव को उनके बेटे ने नजरबंद करके रखा है।

जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू यादव राजनीतिक रूप से नजरबंद हैं। लालू को उनके बेटे तेजस्वी यादव ने कार्यकर्ता दर्शन और संवाद यात्रा में जाने की इजाजत नहीं दी है। जिनको (लालू) न्यायपालिका ने राजनीतिक रूप से अयोग्य घोषित कर दिया है, वह टिप्पणी कर रहे हैं। उनको ऐसे बयान शोभा नहीं देते हैं। वो लोग प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा पर सवाल करके अपनी जगहंसाई कर रहे हैं।”

वहीं, आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने पीएम मोदी की बिहार विजिट को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को अब बिहार याद आ रहा है, जब यहां चुनाव होना है। बिहार की जनता उनका इंतजार ही कर रही है, क्योंकि यहां जुमलेबाजी की बौछार नहीं चलेगी। अब बिहार की जनता पाई-पाई का हिसाब लेगी और डबल इंजन की एनडीए की नकारा-निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकेगी। बिहार की जनता का संकल्प है कि वह तेजस्वी सरकार बनाएंगी।

उन्होंने आगे कहा, “पटना यूनिवर्सिटी को सेंट्रल यूनिवर्सिटी का दर्जा अब तक क्यों नहीं दिया गया और बिहार के विशेष पैकेज का क्या हुआ? क्यों बिहार नीचे से टॉप कर रहा है। इसका हिसाब बिहार की जनता लेगी और उन्हें (सरकार) सबक सिखाने का काम करेगी। बिहार ने ठाना है कि एनडीए सरकार को उखाड़कर तेजस्वी के नेतृत्व में सरकार बनाएंगे।”

लालू प्रसाद यादव ने पीएम मोदी के बिहार दौरे को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “प्रधानमंत्री आज बिहार में हैं, इसलिए आज बिहार में झूठ और जुमलों की बरसात होगी। चुनावी वर्ष है, इसलिए लोगों को भ्रमित करने के लिए केंद्र की देशभर की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन अब दिखावटी रूप से बिहार से होगा, लेकिन बिहार को कुछ नहीं मिलेगा, न ये देंगे।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.