पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वर कोकिला भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर गहरा शोक एवं दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि स्व. लता मंगेशकर प्रख्यात पार्श्व गायिका थीं। उन्हें भारत रत्न, पद्म विभूषण, दादा साहब फाल्के पुरस्कार, फिल्मफेयर लाइफटाइम एचिवमेंट पुरस्कार सहित कई अन्य खिताबों से सम्मानित किया गया था। वे भारतीय संसद के उच्च सदन राज्यसभा की सदस्य रह चुकी थीं। आने वाली पीढ़ियां उन्हें भारतीय संस्कृति के एक दिग्गज के रूप में याद रखेंगी, जिनकी सुरीली आवाज में लोगों को मंत्रमुग्ध करने की अद्वितीय क्षमता थी । उनका निधन देश के लिये अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने जताई गहरी संवेदना
पूर्व मुख्यमंत्री हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने भारत रत्न स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन भारत के इतिहास के पन्नों पर संपूर्ण राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है । मांझी ने कहा की लता मंगेशकर जी के निधन की खबर से पूरा देश में शोक की लहर है हमें विश्वास नहीं होता कि वह आज हम सब को छोड़कर चली गई । उनके निधन से मानो देश ने अपना सबसे अमूल्य रत्न खो दिया, जिसकी भरपाई सदियों तक संभव नहीं। उन्हें हमारी नमन श्रद्धांजलि। भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर बिहार सरकार में मंत्री व हम के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव डॉक्टर संतोष कुमार सुमन, पूर्व मंत्री डॉ० अनिल कुमार, राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ दानिश रिजवान, विधायिका ज्योति मांझी, विधायक प्रफुल्ल मांझी, अमरेंद्र कुमार त्रिपाठी आदि हम नेताओं ने भी उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की।


Download Android App
Download iOS App



